बजट दस्तावेज जिनके बारे में आपको जानना ज़रूरी है!
संसद की दोनों सभाओं के समक्ष रखा जाने वाला ‘वार्षिक वित्तीय विवरण’ केन्द्र सरकार का बजट कहलाता है। इस विवरण में एक वित्तीय वर्ष की अवधि शामिल होती है। भारत में वित्तीय वर्ष हर साल एक अप्रैल को आरम्भ होता है। विवरण में वित्तीय वर्ष हेतु भारत सरकार की अनुमानित प्राप्तियों तथा व्यय का ब्यौरा होता है। ऐसा नहीं है कि सरकार अपनी इच्छा से जितना चाहे कर लगा सकती है, ऋण ले सकती है तथा धन खर्च कर सकती है। चूंकि संसाधनों की एक सीमा होती है, इसलिए विभिन्न सरकारी क्रियाकलापों हेतु संसाधनों के आवंटन की उचित बजटीय व्यवस्था की आवश्यकता पड़ती है। सरकार को कानून और व्यवस्था बनाए रखने, आर्थिक तथा सामाजिक बेहतरी हेतु योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अलग-अलग क्षेत्रों की रक्षा हेतु विभिन्न प्रकार के कार्य करने होते हैं।
इसके अतिरिक्त सरकार लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा आवास जैसी सामाजिक सेवाएं प्रदान करती हैं। यह कहने की जरूरत नहीं है कि सरकार को इन कार्यों को प्रभावी रूप से करने के लिए पर्याप्त संसाधनों की आवश्यकता होती है। यह धन कहां से तथा कैसे आएगा और उसका खर्चा कहाँ-कहाँ पर किया जायेगा, इसका विवरण बजट दस्तावेज़ों में मुख्यतः किया जाता है।
तो आईये जानते हैं कि बजट से जुड़े ऐसे कौन से महत्वपूर्ण दस्तावेज़ हैं, जिनके बारे में जानना ज़रूरी है:
- वित्तमंत्री का बजट भाषण: इस दस्तावेज में वित्त मंत्री द्वारा दिए गए बजट भाषण का पूरा विस्तृत लेखा-जोखा होता है। इसमें बताया जाता है कि आने वाले वर्ष में सरकार किस तरह से विभिन्न क्षेत्रों को ध्यान में रखकर आगे बढ़गी।
- वार्षिक वित्तीय विवरण: संसद के दोनों सदनों के समक्ष भारत सरकार एक वित्त वर्ष की अनुमानित प्राप्तियों और व्यय का विवरण पेश करती है, जिसे वार्षिक वित्तीय विवरण कहा जाता है। संविधान के अनुच्छेद 112 में इसका उल्लेख है।
- बजट एक नज़र में: इस दस्तावेज में पूरे बजट का सार संक्षिप्त तौर पर रहता है। राज्यों व संघ राज्य क्षेत्रों से प्राप्त होने वाली और उनको दी जाने वाली रकम का ब्यौरा भी इस दस्तावेज में रहता है।
- वित्त विधेयक: सरकार द्वारा प्रस्तावित कर प्रस्तावों की विस्तृत सूची के अलावा इस दस्तावेज में वित्त विधेयक का व्याख्यात्मक प्रपत्र भी शामिल रहता है।
- बजट प्राप्तियां: इस दस्तावेज में आगामी वर्ष के लिए सरकार को मिलने वाले अनुमानित राजस्व और पूँजी प्राप्तियों का विस्तृत ब्यौरा रहता है। सरकार को मिलने वाले अनुमानित घरेलु और विदेशी कर्जे का ही इसमें उल्लेख रहता है।
- बजट व्यय: यह दस्तावेज सरकार द्वारा आगामी वर्ष में खर्च की जाने वाली राशि का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करता है। विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों को खर्चे के लिए कितनी राशि मिलेगी, इसका विस्तार से ब्यौरा दिया जाता है।
- अनुदान की मांग: इसमें विभिन्न मंत्रालयों की अपनी निजी मांगों के साथ-साथ अनुदानों की समस्त मांगों का सारांश होता है।
अधिक विस्तार से जानकारी हासिल करने के लिए आप इस वेबसाइट https://www.indiabudget.gov.in/indexhindi.php में भी जा सकते हैं।
शासन-प्रशासन तथा बजट से जुड़े किसी भी सवाल के लिए आप हमसे सवाल पूछ सकते हैं। इसके लिए आप हमें humaari.sarkaar@cprindia.org ज़रूर लिखें। हमारी टीम आपके सवालों का जल्द से जल्द जवाब देगी!