‘फील्ड के तरीके’- नेशनल पोर्टल ऑफ़ इंडिया

‘हम और हमारी सरकार’ वेबसाइट के अंतर्गत ‘फील्ड के तरीके’ सेक्शन को लेकर हमारा उद्देश्य यही रहता है कि हम ऐसी जानकारी आप तक पहुंचायें, जिनका इस्तेमाल करते हुए आप सरकार के साथ जुड़कर सेवाओं का लाभ जल्द से जल्द ले सकें। 

उद्देश्य:

आइये आपको इसी सेक्शन के तहत इस बार ‘नेशनल पोर्टल ऑफ़ इंडिया’ के बारे में बताते हैं, जिसका उद्देश्य नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न जानकारियां पहुँचाने का है। अक्सर हमें अलग-अलग पोर्टल पर जाकर जानकारी इकट्ठा करनी पड़ती है। हम आपके साथ ‘नेशनल पोर्टल ऑफ़ इंडिया’ नाम का एक पोर्टल साझा कर रहे हैं जो आपके लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। 

इस ऑनलाइन पोर्टल के लिए आपको गूगल में जाकर नेशनल पोर्टल ऑफ़ इंडिया सर्च करना होगा, या फिर यह पोर्टल https://www.india.gov.in/ पर क्लिक करने पर भी  खुल जायेगा। जहाँ पर आपको बहुत सी अलग-अलग सेवाओं की जानकारी एक ही जगह पर प्राप्त हो जाएगी। पोर्टल के होम पेज के ऊपर दायीं तरफ में आपको 5 प्रकार के सेक्शन (विषय, सेवायें, सरकार, जन समूह, एक नज़र में भारत) देखने को मिलेंगे।  

  1. विषय: इस सेक्शन में आपको मुख्य रूप से कृषि, संचार और आईटी, वित्त और कर, शासन प्रशासन, कानून एवं न्याय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खाद्य एवं सार्वजानिक वितरण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, ग्रामीण, श्रम एवं रोज़गार सहित 26 प्रकार के अलग-अलग विषयों से सम्बन्धित जानकारी प्राप्त हो पायेगी।
  2. सेवायें: इस सेक्शन पर क्लिक करने पर आपको विभिन्न सेवाओं की जानकारी एक ही जगह पर प्राप्त हो सकेगी, इसके लिए आप इपनी ज़रूरत के अनुसार जानकारी देख सकते हैं। 
  3. सरकार: यह सेक्शन आपको भारत का संविधान और उसके महत्व के बारे में बताता है। इस सेक्शन में के माध्यम से आपकी विधानपालिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका और उनसे सम्बंधित महत्वपूर्ण पदों और उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से समझ मजबूत हो पायेगी। इसके साथ ही इस सेक्शन में आपको और भी महत्वपूर्ण हिस्से जैसे सरकारी निर्देशिका, योजनायें व बजट से जुड़ी कई तरह की महत्वपूर्ण जानकरियां प्राप्त होंगी।
  4. जन समूह: यह सेक्शन मुख्य रूप से समुदाय के लिए रखा गया है जिसमें ग्रामीण, स्वरोज़गार सम्बन्धी जानकारी, समुदाय में प्रत्येक वर्ग के लोगों से जुड़ी जानकारी को मोटे तौर पर दिखाता है। 
  5. एक नज़र में भारत: इस सेक्शन में आपको मुख्य रूप से भारत के राज्यों से जुड़ी सामान्य जानकारी प्राप्त हो पायेगी। इसके लिए आप इसमें दिए गए टैब में अपनी आवश्यकतानुसार जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

इस तरह के ऑनलाइन पोर्टल को आपसे साझा करने का मकसद?

‘हम और हमारी सरकार’ वेबसाइट के तहत हमने आपको ई-शासन से जुड़ी कई तरह की उपयोगी जानकारियाँ अभी तक साझा की हैं जिन्हें आप यहाँ भी देख सकते हैं! इस तरह के ऑनलाइन पोर्टल को आपसे साझा करने का मकसद यही है ताकि आप बेवजह सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटें तथा जितना संभव हो ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल करें तथा और लोगों से भी इन्हें साझा करें।

 

आशा करते हैं कि ऊपर दी गयी जानकारी आपके लिए लाभकारी साबित होगी। यह जानकारी आपके लिए मध्य प्रदेश से हमारी टीम की साथी स्वप्ना रामटेके जी ने तैयार की है। 

यदि आप इस लेख से सम्बन्धित कोई जानकारी चाहते हैं या हमसे कोई सवाल पूछना चाहते हैं तो हमें ‘हमसे सवाल पूछें’ सेक्शन के अंतर्गत हमारी humaari.sarkaar@cprindia.org पर अपना सवाल लिखकर भेजें। हमारी टीम आपके सवालों का जल्द से जल्द जवाब देगी।